गाजियाबाद जिले में महिला पुलिसकर्मियों की एक टीम ने सोमवार देर रात मुठभेड़ के बाद एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान मूलरूप से अलीगढ़ जिले के निवासी जितेंद्र (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि वह चोरी, लूट और झपटमारी की घटनाओं में संलिप्त है और उसके खिलाफ आठ मामले दर्ज हैं।
नंदग्राम थाना क्षेत्र की अपर पुलिस उपायुक्त उपासना पांडे ने बताया कि 22 सितंबर को लोहिया नगर के पास महिला पुलिसकर्मियों द्वारा सघन जांच की जा रही थी, तभी मेरठ तिराहे के पास एक स्कूटी सवार संदिग्ध दिखा।
उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर युवक ने भागने की कोशिश की और स्कूटी फिसलने से सड़क पर गिर गया। उन्होंने बताया कि जब महिला पुलिस बल उसे पकड़ने आगे बढ़ा, तो गोली चला दी।
पांडे ने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई एक गोली आरोपी के पैर में लग गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पांडे ने बताया कि आरोपी जितेंद्र के पास से एक कंप्यूटर, एक मोबाइल फोन, एक देसी तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।


