अयोध्या, तहसील रुदौली क्षेत्र में बिन मौसम तेज हवा, गरज,चमक के साथ हुई बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के कारण गेहूं की फसलों पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
गुरुवार को अचानक आई बारिश ने कटाई कर मड़ाई के लिए रखे गए गेहूं के बोझ भीगा दिए हैं, अभी कुछ ही दिनों पहले हुई बारिश से किसानों को राहत मिली ही थी कि फिर बेमौसम बारिश ने किसानों की मड़ाई का काम ठप कर दिया। अब फिर किसानों को गीले गेहूं को सुखाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ेगी।
तहसील क्षेत्र के वाजिदपुर, आलियाबाद, भेलसर, ऐहार, सिठौली, भोली, मवई, नेवरा, बाबा बाजार, चंद्रा मऊ, जैसुखपुर,कोंडरा,समेत अन्य गांव के किसानों ने बताया कि जिन लोगों को पशुओं के खिलाने के लिए चारे की व्यवस्था करनी थी और अपने हाथ से गेहूं की कटाई किए हुए थे, उनका बंधा हुआ गेहूं का बंडल भीग गया है। अब उसे थ्रेसर से मड़ाई करने के लिए काफी समय लगेगा।
किसान जब तक उसे सुखाने की कोशिश करता है, कुछ ही समय बाद मौसम पलट जा रहा है। किसान मुजम्मिल हुसैन व अब्दुल वहीद फेकू ने बताया कि बिन मौसम बारिश ने किसानों के माथे पर चिंता बढ़ा दी है।
गेहूं की कटाई और मड़ाई का काम बहुत तेजी से चल रहा था लेकिन बारिश ने एक बार फिर गेहूं कटाई के काम को रोक दिया। बल्लन खां ने बताया कि खेत में काट कर रखे गेहूं के बोझ बारिश से भीग गए, जिससे कुछ दिनों के लिए मड़ाई का काम मुमकिन नहीं है । अब बोझों को सुखाने के लिए किसानों को दुगुनी मेहनत करनी पड़ेगी। बिन मौसम बारिश ने किसानों को दोहरी मार दी है।

