अयोध्या, कोतवाली नगर के गुलाबबाड़ी के सामने स्थित घर में रविवार दोपहर करीब एक बजे अचानक शॉर्ट सर्किट से एसी में ब्लास्ट हो गया, जिससे घर में भीषण आग लग गई।
हादसे के समय शिवम यादव अपनी पत्नी और बच्ची के साथ घर से बाहर थे। पड़ोसियों ने घर से धुआं निकलता देख पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
स्थिति को गंभीर होते देख दमकलकर्मियों ने ताला तोड़कर घर के भीतर प्रवेश किया और सबसे पहले किचन में रखे दो गैस सिलिंडर को सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद दो दमकल वाहनों की मदद से लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। घटना से घर की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
द्वितीय अग्निशमन अधिकारी प्रदीप पांडेय ने बताया कि आग से किचन, स्टोर और घरेलू सामान में काफी सामान जलकर खाक हो गया, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।