अयोध्या, शुक्रवार को रामनगरी श्रद्धालुओं की अनुमान से ज्यादा भीड़ उमड़ी तो यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो गई। आलम यह रहा है गलियों में जाम लगा रहा। भीड़ नियंत्रण के लिए कई रास्ते भी प्रशासन को बंद करने पड़े। अयोध्या उमड़े श्रद्धालुओं में रामलला के दर पर माथा टेकने की ललक दिखी। इसके चलते राम मंदिर सुबह से लेकर शयन आरती तक 14 घंटे खुला रहा।
रामनगरी में निरंतर श्रद्धालुओं का ज्वार उमड़ रहा है। प्रयागराज में डुबकी लगाने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु रोजाना अयोध्या पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को भी रामनगरी में मेले जैसा माहौल रहा। श्रीराम अस्पताल तिराहे से लेकर प्रमोदवन तिराहे तक रामपथ श्रद्धालुओं की भीड़ से पटा रहा।
आलम यह रहा कि रामपथ की एक लेन पर चार पहिया वाहनों का आवागमन रोकना पड़ा। डायवर्जन के चलते गलियों में जाम की स्थिति बनी रही। रायगंज, तपस्वी छावनी मार्ग, रामघाट चौराहे पर जाम की स्थिति रही। टेढ़ीबाजार ओवर ब्रिज के पास भी बैरियर लगाकर चार पहिया वाहनों को रोका गया।
वहीं प्रयागराज से अयोध्या आ रहे श्रद्धालुओं की भीड़ पिछले तीन दिनों में राम मंदिर में पांच लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन-पूजन कर चुके हैं। शुक्रवार को भी आस्थावानों की कतार लगी रही। जन्मभूमि पथ पर लगे सुरक्षाकर्मी श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के प्रयास में पूरे दिन जुटे रहे।
राम मंदिर में सुबह 6:30 बजे खुला तो रात 9:15 बजे तक 14 घंटे से अधिक समय तक खुला ही रहा। दोपहर भोग आरती के दौरान केवल 20 मिनट के लिए मंदिर का पट बंद किया गया लेकिन दर्शन नहीं रोका गया। जिन श्रद्धालुओं को व्हीलचेयर चाहिए था उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ा, तब जाकर उन्हें व्हीलचेयर मिल सका।