मेलबर्न, विराट कोहली और टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले सैम कोंस्टास के बीच चौथे टेस्ट के पहले दिन बृहस्पतिवार को मैदान पर झड़प हो गई जिसके लिए भारतीय क्रिकेटर पर मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया और उनके खाते में एक डिमैरिट अंक जोड़ा गया।
आस्ट्रेलियाई पारी के दसवें ओवर के बाद जब खिलाड़ी एक दूसरे के सामने से गुजर रहे थे तब कोहली और कोंस्टास के कंधे टकरा गए । दोनों खिलाड़ियों ने पलटकर एक दूसरे को घूरकर देखा और कुछ बोले भी । इस बीच आस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने आकर दोनों को अलग किया । मैदानी अंपायरों ने भी दोनों से बात की ।
मैदानी अंपायर जोएल विल्सन और माइकल गफ, तीसरे अंपायर शरफुद्दौला इब्ने शाहिद और चौथे अंपायर शॉन क्रेग ने कोहली पर आईसीसी आचार संहिता के लेवल एक के उल्लंघन करने का आरोप लगाया। कोहली ने मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट द्वारा दी गई सजा को स्वीकार कर लिया।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बयान में कहा, ‘‘विराट कोहली पर आईसीसी आचार संहिता के लेवल एक का उल्लंघन करने के कारण उनकी मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और उनके खाते में एक डिमैरिट अंक जोड़ा गया है। बयान के अनुसार, ‘‘इस मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी क्योंकि कोहली ने मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट द्वारा दी गई सजा को स्वीकार कर लिया।
पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद कोंस्टास ने कहा कि कोहली जान बूझकर उनसे नहीं टकराये थे । उन्होंने कहा ,‘‘ विराट कोहली गलती से मुझसे टकरा गए । यह क्रिकेट है और तनाव में ऐसा हो जाता है । कोंस्टास ने दूसरे सत्र के दौरान चैनल 7 से कहा ,‘‘ मुझे लगता है कि हम दोनों पर जज्बात हावी हो गए थे । मुझे समझ में ही नहीं आया । मैं अपने दस्ताने पहन रहा था कि अचानक उनका कंधा मुझसे टकराया । क्रिकेट में यह सब होता रहता है ।
आईसीसी की आचार संहिता के अनुसार क्रिकेट में किसी भी तरह का अनुचित शारीरिक संपर्क निषिद्ध है । अगर खिलाड़ी किसी दूसरे खिलाड़ी या अंपायर से टकराते हैं या कंधे लगाते हैं , चाहे जान बूझकर या अनजाने में तो इस नियम का उल्लंघन माना जायेगा ।
लेवल एक के अपराध में मैच फीस का जुर्माना होता है । लेवल दो के अपराध में तीन या चार डिमेरिट अंक हो सकते हैं । चार डिमेरिट अंक होने पर एक मैच का निलंबन लग जाता है ।
कोंस्टास उस समय 27 रन बनाकर खेल रहे थे । उन्होंने अगले ओवर में जसप्रीत बुमराह को दो चौके और एक छक्का लगाया । वह अर्धशतक बनाने के बाद रविंद्र जडेजा की गेंद पर पगबाधा आउट हुए । पहले दिन के खेल के बाद मीडिया से मुखातिब भारत के सहायक कोच अभिषेक नायर ने इस घटना को तूल नहीं दिया ।
उन्होंने सवालों के जवाब में कहा ,‘‘ जब आप खेलते हैं तो जज्बात उमड़ते हैं लेकिन यह उतना बड़ा मामला नहीं है । मुझे नहीं पता कि क्या हुआ था और क्या कहा गया ।
वहीं आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने इस घटना के लिये कोहली को जिम्मेदार ठहराया । उन्होंने कहा ,‘‘ देखो कि विराट कहां से चलकर आया है । वह पूरी पिच पार करके आया और झड़प की शुरूआत की । मुझे इसमें कोई शक नहीं है । उन्होंने कहा ,‘‘मुझे इसमें कोई शक नहीं कि अंपायर और मैच रैफरी इस घटना पर गौर करेंगे । उस समय फील्डर को बल्लेबाज के करीब नहीं होना चाहिये था ।
उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे ऐसा लगा कि कोंस्टास ने काफी देर बाद ऊपर देखा । उसे पता भी नहीं चला कि कोई उसके सामने है । स्क्रीन पर दिख रहे उस व्यक्ति (कोहली) को जरूर कुछ सवालों के जवाब देने होंगे ।
भारत के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने कहा कि इस तरह से टकराने की जरूरत नहीं थी और पायक्रॉफ्ट जरूर इसे देखेंगे ।
उन्होंने ‘फॉक्स स्पोटर्स ’ से कहा ,‘‘ यह गैर जरूरी था , बिल्कुल जरूरत नहीं थी । आप ऐसी चीजें नहीं देखना चाहते । विराट सीनियर खिलाड़ी है और टीम का कप्तान रह चुका है ।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ वह अपनी सफाई में जो भी कहे लेकिन इस तरह की चीजें नहीं होनी चाहिये । एक व्यक्ति जो यह सब देख रहा होगा , वह एंडी पायक्रॉफ्ट है ।
ख्वाजा उस समय क्रीज पर थे जब चौथे टेस्ट के पहले दिन ऑस्ट्रेलियाई पारी के 10वें ओवर में यह घटना घटी। कोहली और कोंस्टास के कंधे टकराए और दोनों एक-दूसरे की ओर देखने लगे जिसके बाद उनके बीच तीखी नोकझोंक हुई।
पूर्व खिलाड़ी जस्टिन लैंगर, माइकल वॉन और अंपायर साइमन टफेल को भी लगता है कि कोहली की गलती थी। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच लैंगर ने ‘सेवन नेटवर्क’ के लिए कमेंट्री के दौरान कहा, ‘‘हमें किसी भी क्रिकेट में ऐसा देखना पसंद नहीं है।
वॉन ने ‘फॉक्स क्रिकेट’ से कहा, ‘‘विराट कोहली इतने अनुभवी पेशेवर खिलाड़ी हैं। 19 साल के खिलाड़ी पर खीझ उतारना ठीक नहीं। विराट ही सैम के पास जाकर टकराया। टफेल ने कहा, ‘‘दिख रहा है कि विराट कोहली ही सैम कोंस्टास से टक्कर के लिए अपनी जगह बदल कर उसकी ओर जा रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने भारत के स्टार बल्लेबाज पर कोंस्टास से भिड़ने के कारण मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया है और उनके खाते में एक डिमैरिट अंक भी जोड़ा गया है। पर ऐसा लगता है कि ऑस्ट्रेलियाई मीडिया आईसीसी की इस मामूली सजा से खुश नहीं है।
‘सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड’ ने लिखा, ‘‘विराट कोहली ‘बॉक्सिंग डे’ टेस्ट की नाटकीय शुरुआत के दौरान ऑस्ट्रेलिया के युवा खिलाड़ी सैम कोंस्टास के साथ हुई टक्कर के कारण निलंबन से बचने के बाद सिडनी टेस्ट में खेलने के लिए आजाद हैं।
‘फॉक्सस्पोर्ट्स’ का शीर्षक था, ‘‘’पूरी तरह से गलत काम किया’: कोहली ने बतौर स्टार हैरान किया, ऑस्ट्रेलियाई किशोर के साथ हास्यास्पद झड़प के कारण प्रतिबंध से बचे।


