नोएडा, ग्रेटर नोएडा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां एक फॉर्च्यूनर में भीषण आग लग गई। कार में सवार एक व्यक्ति की जलकर मौत हो गई। यह कार सड़क से करीब 100 मीटर अंदर मिली है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक के परिजनों ने उसके दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, घटना ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र के कोट पुल नगला के पास हुई। जहां फॉर्च्यूनर कार में आग लग गई। आग की लपटें देखकर स्थानीय लोग वहां पहुंचे और कार के अंदर व्यक्ति को निकालने की कोशिश भी की गई, लेकिन तब तक उनकी मौत हो गई थी।
मृतक युवक की पहचान संजय यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक संजय यादव प्रॉपर्टी डीलर था और गाजियाबाद के नेहरू नगर का निवासी था। इसी बीच संजय यादव की कार सड़क से 100 मीटर दूर जंगल में मिली। जिसमें आग लग चुकी थी।
इधर परिजनों का आरोप है कि संजय यादव का गहनों को लेकर दोस्तों के साथ विवाद चल रहा था, जिसके चलते उन्होंने संजय को जिंदा जलाकर हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।


