अयोध्या, मिस यूनिवर्स इंडिया 2024 रिया सिंघा इस साल विश्व प्रसिद्ध अयोध्या की राम लीला में देवी सीता का किरदार निभाने जा रही हैं, जबकि बीजेपी नेता और अभिनेता-गायक मनोज तिवारी भगवान राम की भूमिका निभाएंगे। बीजेपी नेता और अभिनेता रवि किशन सुग्रीव की भूमिका निभाएंगे।
तो वहीं सुपरस्टार भाग्यश्री मां वेदवती का किरदार निभाएंगी और पद्मश्री मालिनी अवस्थी मां शबरी की भूमिका में नजर आएंगी। राजा दशरथ का किरदार राजा मुराद निभाएंगे और राजा जनक का किरदार राकेश बेदी द्वारा निभाया जाएगा।
माता सीता का किरदार निभाने को लेकर रिया सिंघा काफी एक्साइटेड हैं। उन्होंने कहा कि, मैं मिस यूनिवर्स इंडिया 2024, देवी सीता की भूमिका में दुनिया की सबसे बड़ी राम लीला के लिए अयोध्या आ रही हूं। भगवान राम और सीता के आशीर्वाद से मुझे यह अवसर मिला है। पिछले साल, 36 करोड़ लोगों ने राम लीला देखी। इस साल अयोध्या की राम लीला में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 50 करोड़ लोग शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि इसके लिए मैं यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और अयोध्या की राम लीला के संस्थापक सुभाष मलिक का आभार व्यक्त करती हूं।
इस बारे में फिल्मी हस्तियों की रामलीला के अध्यक्ष सुभाष मलिक ने बताया कि, इस साल अयोध्या में होने वाली रामलीला का मंचन 3 अक्टूबर से शुरू होगा। पहली बार इस लीला में बॉलीवुड के 42 कलाकार नजर आएंगे।
रामलीला में देश के कई राज्यों के मुख्यमंत्री और राज्यपाल को भी निमंत्रण भेजा गया है। इस साल अयोध्या में होने वाली रामलीला की तैयारियों को देखकर ऐसा लगता है कि साल 2024 की रामलीला सारे रिकॉर्ड तोड़ने वाली है।


