नयी दिल्ली, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राम मंदिर में दर्शन करने के लिए बुधवार को अयोध्या जाएंगी। राष्ट्रपति भवन ने यह जानकारी दी।
यह नवनिर्मित मंदिर की उनकी पहली यात्रा होगी। मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा का समारोह 22 जनवरी को आयोजित किया गया था। एक बयान में मंगलवार को कहा गया कि राष्ट्रपति एक मई को अयोध्या का दौरा करेंगी।
शाम 4.50 बजे हनुमंत लला की आरती में शामिल होंगी। इसके बाद शाम 5.45 बजे सरयू पूजन और आरती करेंगी। यहां से रामजन्मभूमि पहुंचकर शाम 6.45 बजे रामलला के दर्शन कर आरती में शिरकत करेंगी। शाम 7.15 बजे कुबेर टीला के दर्शन करेंगी। इसके बाद हवाई अड्डे से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।
राष्ट्रपति भवन ने बयान में कहा, ‘‘अयोध्या में अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रपति श्री हनुमान गढ़ी मंदिर, प्रभु श्री राम मंदिर और कुबेर टीला में दर्शन करेंगी और आरती में हिस्सा लेंगी।’’
बयान में कहा गया है कि वह सरयू पूजा और आरती में भी हिस्सा लेंगी।








