बाराबंकी जिले के देवा क्षेत्र में तेज रफ्तार से जा रहे एक ट्रक में, आगे गन्ना लादकर जा रहे एक ट्रक को पीछे से टक्कर मार देने के बाद आग लग गई जिसमें झुलसकर उसके चालक और परिचालक की मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि देवा कोतवाली क्षेत्र के माती चौकी इलाके में स्थित किसान पथ पर जबरीकलां गांव के पास सोमवार देर रात करीब 11 बजे गन्ना लादकर एक ट्रक लखनऊ की ओर से आ रहा था। तभी पीछे से आ रहे बर्तनों से लदे एक ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद, टक्कर मारने वाले ट्रक में आग लग गई।
उन्होंने बताया कि इस घटना में बर्तन लदे ट्रक के चालक और परिचालक की मौत हो गयी। पुलिस और अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर आग बुझायी और शवों को बाहर निकाला।
सूत्रों ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है।


