बिजनौर जिले के धामपुर थाना क्षेत्र में अल्पसंख्यक समुदाय के एक युवक और उसके परिवार की महिलाओं पर कथित तौर पर जबरन रंग डालने और गाली गलौज करने का वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस ने करते हुए तीन नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया एवं एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक रविवार को सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसपर बिजनौर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कुछ लड़के एक मोटरसाइकिल रोककर उसपर सवार एक पुरुष व दो महिलाओं पर जबरन रंग डाल रहे हैं।
धामपुर के थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) किशन अवतार सिंह ने बताया कि शनिवार को खारी कुएं के पास चार-पांच अज्ञात लड़कों (हुरियारों) ने बाइक सवार अल्पसंख्यक समुदाय के एक युवक और दो महिलाओं को रोककर उन पर जबरन रंग डाला और विरोध करने पर अभद्रता एवं गाली गलौज की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को चिह्नित कर लिया गया।
एसएचओ ने बताया कि इस मामले में थाना क्षेत्र के गांव जमालपुर आलम के दिलशाद ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि वह बाइक से अपनी मां और बहन के साथ डॉक्टर के पास जा रहे थे, तभी रास्ते मे उन पर रंग डालने की घटना हुई। उन्होंने आरोपियों पर गाली गलौज और अभद्रता का भी आरोप लगाया।
पुलिस के अनुसार मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 147 (दंगा फैलाना), 341 (किसी को गलत तरीके से रोकना), 323 (जानबूझकर स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 504 (शांति भंग करने के इरादे से अपमान करना), 509 (महिला की गरिमा को अपमानित करने के इरादे से बोलना) और 354 (महिला से छेड़छाड़) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर तीन किशोरों को हिरासत में लिया गया है और एक अभियुक्त अनिरुद्ध उर्फ अन्नी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


