भदोही शहर के कोतवाली इलाके में एक मंदबुद्धि नाबालिग किशोरी के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किये जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आज आरोपी को गिरफ्तार किया ।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) बृजेश कुमार सिंह ने शुक्रवार को बताया कि यह घटना आठ मार्च की देर शाम रजपुरा चौकी क्षेत्र के एक गाँव में हुई जिसके बाद मंदबुद्धि बालिका (13) के पिता ने 13 मार्च को हरिरामपुर के छोटू उर्फ़ सतीश राजभर (22) के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
सिंह ने बताया कि आठ मार्च को मंदबुद्धि बालिका को घर में नहीं पाकर उसके परिजन उसे खोजने में जुटे हुए थे, तभी गांव की कुछ महिलाओं ने बताया कि छोटू उर्फ़ सतीश राजभर को उसका हाथ पकड़ कर ले जाते हुए शाम को देखा गया था।
निरीक्षक के मुताबिक इस आधार पर लोग उसे ढूंढते हुए एक खेत में गए जहां बालिका को बेहोशी की हालत में निर्वस्त्र पाया गया। सिंह ने बताया कि पीडि़ता के पिता ने छोटू के विरुद्ध दुष्कर्म और बाल यौन अपराध संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया, जिसपर पुलिस ने बालिका की मेडिकल जांच करायी और उसमें बलात्कार की पुष्टि हुई।
उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी और आज छोटू उर्फ़ सतीश राजभर को शहर के नेशनल तिराहा से गिरफ्तार कर लिया गया। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


