आगरा में राज्य बोर्ड की इंटरमीडिएट के गणित और जीव विज्ञान विषय का प्रश्न पत्र लीक होने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कॉलेज संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, पेपर लीक होने के मामले में रोझौली गांव स्थित अतर सिंह इंटर कॉलेज के प्रबंधक व प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह उर्फ हुड्डा, उनके बेटे कंप्यूटर ऑपरेटर विनय चौहान, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक गंभीर सिंह और स्टेटिक मजिस्ट्रेट गजेंद्र सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी कॉलेज प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके बेटे की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार अपराह्न दो बजे से शाम पांच बजकर 15 मिनट तक चलने वाली गणित और जीव विज्ञान की परीक्षा के दौरान अपराह्न करीब तीन बजे व्हाट्सएप पर प्रश्न पत्र लीक हो गया था।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी जोन) सोनम कुमार ने बताया कि परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्र वायरल करने के मामले में चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि अतर सिंह इंटर कॉलेज के प्रबंधक व प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया है और उनके बेटे विनय की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं, जिसने पेपर लीक किया था।


