संदेशखालि (पश्चिम बंगाल), पश्चिम बंगाल के उत्तरी 24 परगना जिले के अशांत क्षेत्र संदेशखालि के लोगों ने महिलाओं का यौन शोषण करने और इलाके में जमीन हड़पने के आरोपी टीएमसी नेता शाहजहां शेख की गिरफ्तारी का जश्न मनाते हुए बृहस्पतिवार को एक-दूसरे को मिठाइयां बाटीं।
संदेशखालि इलाके के लोग पिछले कुछ दिनों से शाहजहां शेख के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे। पिछले 55 दिनों से फरार तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता शेख की गिरफ्तारी के बाद लोगों ने जश्न मनाया, मिठाइयां बांटीं और खुशी में नृत्य भी किये।
एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा, ”हमें बहुत खुशी है कि आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया। हम बस यही आशा करते हैं कि उसे सलाखों के पीछे डाल दिया जाए और वह इस इलाके में कभी लौटकर न आ सके। उसने इलाके के कई लोगों की जिंदगियां बर्बाद की है।’’
इसी तरह की भावनाएं व्यक्त करते हुए एक महिला ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि उसके अन्य सहयोगियों को भी सलाखों के पीछे डाला जाएगा।’’
कोलकाता से लगभग 100 किलोमीटर दूर, सुंदरबन की सीमा पर स्थित संदेशखालि क्षेत्र के लोग शाहजहां शेख और उसके समर्थकों के खिलाफ यौन शोषण और जमीन हड़पने के आरोपों को लेकर एक महीने से अधिक समय से विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह संदेशखालि से 30 किलोमीटर दूर स्थित मिनाखान में एक घर से शाहजहां शेख को गिरफ्तार किया गया। शेख कुछ साथियों के साथ उस घर में छिपा था।


