चेन्नई चेन्नई हवाई अड्डे पर कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने मुंबई जा रहे एक यात्री से 1.57 करोड़ रुपये मूल्य की विदेशी मुद्राएं बरामद की हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक जवान ने शनिवार को यात्री को सुरक्षा जांच के दौरान रोक लिया। यात्री की जांच के उसके पास से 13 पैकेट में छिपाकर रखी गई मुद्राएं बरामद की गईं।
यात्री के पास से 1,30,000 अमेरिकी डॉलर और 2,24,500 सऊदी रियाल बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत 1.57 करोड़ रुपये है।
रविवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, ‘‘यह चेन्नई हवाई अड्डे पर पकड़ी गई विदेशी मुद्रा की बड़ी खेप है। सीआईएसएफ जांच अधिकारियों की सराहना करता है।’’
विज्ञप्ति में कहा गया है कि हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग को सूचित करने के बाद यात्री को आयकर जांच विभाग की ‘एयर इंटेलिजेंस विंग’ के हवाले कर दिया गया।


