बेंगलुरु, कर्नाटक लोकायुक्त पुलिस ने उप मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच सीबीआई से अपने पास आने की संभावना के तहत एक मामला दर्ज किया है। इस समय मामले में सीबीआई जांच कर रही है।
कर्नाटक सरकार के मंत्रिमंडल ने पिछले साल नवंबर में शिवकुमार, जो कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष भी हैं, के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में मुकदमा चलाने के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को मंजूरी देने के पिछली भाजपा सरकार के फैसले को यह कहते हुए वापस ले लिया था कि यह कानून के अनुरूप नहीं है।
लोकायुक्त के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि लोकायुक्त पुलिस को मामला सीबीआई से लोकायुक्त को स्थानांतरित होने का अनुमान है। हालांकि उन्होंने माना कि मंजूरी वापस लेने के राज्य सरकार के आदेश को सीबीआई ने कर्नाटक उच्च न्यायालय में चुनौती दी है।
अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘लोकायुक्त राज्य सरकार के आदेशों से बंधे हैं। राज्य सरकार के आदेश के अनुसार हमने मामला दर्ज कर लिया है। हम यह देखने के लिए अदालत के नतीजे का इंतजार कर रहे हैं कि मामला हमें स्थानांतरित किया जाता है या नहीं।’’
उन्होंने कहा कि फिलहाल मामले की जांच करने में लोकायुक्त पर कोई रोक नहीं है क्योंकि अदालत ने कोई प्रतिबंध नहीं लगाया है।


