सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में मस्जिद निर्माण के लिए अयोध्या से 25 किमी दूर धन्नीपुर, सोहावल में पांच एकड़ जमीन मुस्लिम समाज को दी थी। अब इस जमीन पर भव्य मस्जिद तामीर होने वाली है।
मस्जिद ट्रस्ट के सचिव अतहर हुसैन ने बताया इस्लाम के सिद्धांतों पर पांच मीनारों वाली मोहम्मद बिन अब्दुल्ला मस्जिद के निर्माण के शुभारंभ के लिए पवित्र ईंट को मक्का शरीफ और मदीना शरीफ में पवित्र आब-ए-जमजम से और इत्र से गुस्ल देकर भारत लाया गया है। पवित्र ईंट मुंबई पहुंच गई है। अप्रैल में अयोध्या पहुंचेगी। इस ईंट पर सोने से पवित्र कुरान की आयतें और चारों तरफ इस्लाम के नबी का नाम लिखा गया है।
मस्जिद की नीव रखने के दौरान इसी ईंट का इस्तेमाल किया जाएगा। मस्जिद का एरिया करीब 40 हजार वर्ग फीट होगा। मई से मस्जिद निर्माण का काम शुरू होने की संभावना है।
उन्होंने बतायामस्जिद निर्माण में देरी डिजाइन में बदलाव की वजह से हुई है। मार्च तक मस्जिद की डिजाइन तैयार हो जाएगी फिर नक्शा पास कराने के लिए भेजा जाएगा। उम्मीद है कि मई से हम काम शुरू कर सकते हैं। यह ऐसी मस्जिद होगी जो अल्लाह की इबादत के साथ लोगों की भलाई के लिए भी होगी।
उन्होंने बताया मस्जिद ट्रस्ट की बैठक आगामी 29 फरवरी को मुंबई में होगी। बैठक में ट्रस्ट के पदाधिकारी व निर्माण समिति के पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में मस्जिद निर्माण के लिए दान जुटाने की भी रूपरेखा तैयार की जाएगी। बैठक में आधिकारिक तौर पर धन प्राप्त करने के लिए अपने बैंक खाते और क्यूआर कोड का विवरण जारी करेंगे।


