लखनऊ, आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के बाद अब बेसिक शिक्षा विभाग में भी बड़ा फेरबदल किया गया है। शासन ने शुक्रवार को 15 जिलों के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) के तबादले कर दिए।
बेसिक शिक्षा विभाग के अनुभाग-1 की ओर से जारी आदेश के तहत प्रदेश के अलग-अलग जिलों में 15 अधिकारियों की तैनाती बदली गई है। कई जिलों में बीएसए की अदला-बदली की गई है, जबकि कुछ अधिकारियों को दूसरे जिलों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तबादला सूची के अनुसार, अयोध्या के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लालचंद्र को अमेठी का बीएसए बनाया गया है। वहीं, बस्ती के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार को अयोध्या की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अमेठी के बीएसए संजय तिवारी को लखीमपुर खीरी भेजा गया है, जबकि लखीमपुर खीरी के बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी को बस्ती का बीएसए बनाया गया है।
इस बदलाव के बाद अयोध्या के बेसिक शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी अब अनूप कुमार संभालेंगे। वहीं, लालचंद्र अमेठी में नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करेंगे।
शासन की ओर से जारी सूची में मेरठ और अमरोहा के बीएसए की अदला-बदली की गई है। मेरठ की बीएसए आशा चौधरी को अमरोहा भेजा गया है, जबकि अमरोहा की बीएसए मोनिका को मेरठ की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह कौशांबी के बीएसए कर्मेन्द्र कुशवाहा को मिर्जापुर और मिर्जापुर के बीएसए अनिल कुमार वर्मा को कौशांबी भेजा गया है। बलिया के बीएसए मनोज कुमार सिंह को मऊ और मऊ के बीएसए संतोष कुमार उपाध्याय को बलिया की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एटा और संतकबीर नगर में भी बदलाव किया गया है। संतकबीर नगर के बीएसए अमित कुमार सिंह को एटा तथा एटा के बीएसए राजेश कुमार को संतकबीर नगर भेजा गया है।
गोरखपुर के बीएसए राहुल पवार को गाजियाबाद का नया जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बनाया गया है। वहीं, गाजियाबाद के बीएसए ओम प्रकाश यादव को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), बलिया में वरिष्ठ प्रवक्ता के पद पर भेजा गया है।
इसके अलावा अमरोहा डायट में वरिष्ठ प्रवक्ता के पद पर तैनात डाली सिकरवार को गौतमबुद्धनगर का नया बीएसए बनाया गया है।
शासन की ओर से जारी आदेश में स्थानांतरित अधिकारियों को बिना प्रतिस्थानी की प्रतीक्षा किए अपनी नई तैनाती वाले स्थान पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद प्रदेश के 15 जिलों में बेसिक शिक्षा विभाग की जिम्मेदारियों में बदलाव होगा।