लखनऊ में एक बस में यात्रा कर रहे एक व्यवसायी से स्वर्ण आभूषण की लूट के मामले में राजस्व आसूचना निदेशालय के एक कर्मचारी और एक पुलिस कांस्टेबल समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने जौनपुर में तैनात एक पुलिसकर्मी की पहचान कथित षड्यंत्रकारियों में से एक के तौर पर की है। तीन अन्य व्यक्तियों की भी तलाश की जा रही है।
उन्होंने बताया कि सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस, दक्षिण जोन की सर्विलांस टीम और अपराध शाखा की टीम द्वारा एक संयुक्त कार्रवाई में बृहस्पतिवार को इन पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 844 ग्राम स्वर्ण आभूषण, मूल्यवान धातुओं के टुकड़े, 1.82 लाख रुपये नकदी और अपराध में इस्तेमाल स्कॉर्पियो बरामद की गई।
अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) रल्लापल्ली वसंत कुमार ने कहा कि जांच के दौरान सुनियोजित लूट की इस घटना में डीआरआई और यूपी पुलिस कर्मियों की कथित संलिप्तता प्रकाश में आई।
कुमार ने कहा कि गिरफ्तार डीआरआई कर्मचारी की पहचान अविनाश शाही (29) के रूप में की गई जो पुलिस रिकॉर्ड में डीआरआई लखनऊ में एमटीएस का कर्मचारी है।
गिरफ्तार पुलिसकर्मी की पहचान विनय शंकर के रूप में हुई है जो जौनपुर में तैनात बताया जाता है।
लखनऊ पुलिस के एक बयान के मुताबिक, शिकायतकर्ता पश्चिम बंगाल का महेंद्र दास दिल्ली में रहता है और वह जौनपुर में व्यापारियों को आभूषण की डिलीवरी करने के बाद 21 नवंबर की रात बस से जौनपुर से दिल्ली जा रहा था।
रात करीब डेढ़ बजे सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस थाना अंतर्गत खुरदही बाजार में एक पेट्रोल पंप के पास कुछ व्यक्तियों ने कथित तौर पर बस रोकी और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए शिकायतकर्ता को जबरदस्ती बाहर उतार लिया और उसे एक कार में बैठाया, उसका मोबाइल फोन औऱ नकदी छीन लिया और उसका स्वर्ण आभूषण से भरा बैग अपने साथियों को थमा दिया। इसके बाद वे शिकायतकर्ता को सड़क किनारे छोड़कर भाग निकले।
पुलिस ने कहा कि इस षड़यंत्र में सोने के व्यापारियों प्रीतम सोनी और तिलक मांझी की संलिप्तता सामने आई है। मांझी शिकायतकर्ता को जानता था।
उन्होंने बताया कि शाही भी कथित तौर पर उसी बस में सवार था और उसने शिकायतकर्ता की पहचान कर लखनऊ में प्रतीक्षा कर रहे अन्य आरोपियों को इसकी सूचना दी।
पुलिस ने कहा कि जांच के दौरान करीब 250 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। गिरफ्तार अन्य आरोपियों में प्रीतम सोनी, राहुल चौहान और तिलक मांझी शामिल हैं।