लखनऊ, उत्तर प्रदेश विधानसभा के आगामी चुनाव से पूर्व अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने और वर्तमान मतदाताओं को अपनी प्रविष्टियों की जांच एवं आवश्यक संशोधन कराने का अवसर देने के उद्देश्य से प्रदेश में 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इन विशेष अभियान दिवसों पर प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि सभी बीएलओ के पास 17 नवंबर, 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी जिसके माध्यम से नागरिक अपने नाम एवं अन्य विवरणों की जांच कर सकेंगे। इसके साथ ही बीएलओ के पास पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 उपलब्ध रहेंगे ताकि पात्र नागरिक नए पंजीकरण, नाम विलोपन संबंधी आपत्ति तथा मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन के लिए आवेदन कर सकें।
रिणवा ने बताया कि नागरिकों की सुविधा के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी स्थापित रहेगी।
इसके अतिरिक्त, जनपद स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 1950 सक्रिय रहेंगे, जिनके माध्यम से नागरिक अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त करने के साथ ही आवश्यक जानकारी एवं सहायता हासिल कर सकेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान दिवसों के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि इस अभियान में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के ‘बूथ लेवल एजेंट’ (बीएलए), वर्तमान एवं पूर्व ग्राम प्रधानों, पार्षदों तथा स्थानीय स्वयंसेवकों का सहयोग लिया जाएगा।