जोहानिसबर्ग, बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य के पास एक मालवाहक जहाज के डूबने के बाद बचाए गए दो भारतीय नाविकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी में केन्या स्थित भारतीय उच्चायोग मदद कर रहा है तथा चालक दल के अब भी लापता एक अन्य सदस्य की तलाश जारी है। उच्चायोग ने बुधवार को यह जानकारी दी।
नैरोबी में भारतीय उच्चायोग ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि वह बचाये गये नाविकों की वतन वापसी तथा चालक दल के लापता सदस्य की तलाश में मदद करने के लिए ‘‘संबंधित अधिकारियों, नौवहन एजेंट और संबंधित नाविकों के लगातार संपर्क में है।
उच्चायोग ने कहा कि वह “मालवाहक जहाज ‘अल-फतह’ से बचाए गए दो भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी के लिए हर संभव मदद दे रहा है और संबंधित पक्षों के साथ समन्वय कर रहा है। यह जहाज बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य के पास डूब गया था।”
उसने कहा, “एक तीसरा भारतीय नाविक अब भी लापता है और उसे खोजने के प्रयास जारी हैं।”
उच्चायोग ने यह नहीं बताया कि जहाज कब डूबा, किन हालात में डूबा या क्या उस पर कोई हमला हुआ था। उसने यह भी स्पष्ट नहीं किया कि जहाज किस देश का था, उसका मालिक कौन था, या चालक दल के अन्य सदस्य किस देश के हैं।
यह घटना यमन के हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच चल रही लड़ाई के दौरान हुई है। इस वजह से ‘बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य’ के पास व्यावसायिक जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। यह जलमार्ग लाल सागर को अदन की खाड़ी से जोड़ने वाला एक अहम समुद्री रास्ता है।
जुलाई में, सऊदी समर्थित यमनी सरकारी बलों के साथ लड़ाई तेज होने के बाद, हूतियों ने इस जलडमरूमध्य से गुजरने वाले सऊदी-संबंधित जहाजों की आवाजाही पर रोक लगाने की घोषणा की थी। तब से, यह समूह उन व्यावसायिक जहाजों को निशाना बना रहा है जिन्हें वह सऊदी अरब से जुड़ा मानता है।