गोरखपुर, समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर पहुंचकर राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन किया। अखिलेश यादव ने गोरखपुर हवाई अड्डे से चौरी-चौरा के देवकही गांव तक करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। इस दौरान वह बस रूपी ‘पीडीए रथ’ पर सवार होकर समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे। रोड शो में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए और सपा के झंडे लहराते हुए पार्टी के समर्थन में नारे लगाए।
सपा के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, इस रोड शो का मकसद पूर्वांचल में राजनीतिक संदेश देना था। खास तौर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद में पार्टी की ताकत दिखाने की कोशिश की गई। गोरखपुर जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों के अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश के दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे थे।
अखिलेश यादव दोपहर करीब 12:30 बजे विशेष विमान से गोरखपुर हवाई अड्डे पहुंचे। यहां ढोल-नगाड़ों के साथ एक हजार से अधिक कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान छह युवा पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार भी किया। इसके बाद अखिलेश यादव पीडीए रथ पर सवार होकर रोड शो के लिए रवाना हुए। रास्ते में कार्यकर्ता पार्टी के झंडे और पोस्टर लेकर उनके साथ चलते नजर आए। पोस्टरों पर ‘टीपू इज बैक’ और ‘जेन जेड फेवरेट’ जैसे नारे लिखे थे। रोड शो के दौरान चुनाव प्रचार से जुड़े गाने भी बजते रहे, जिनमें ‘यूपी के कोने-कोने में भैयाजी को जिताना है’ और ‘2027 में अखिलेश आ रहे हैं’ जैसे गीत शामिल थे।
कूड़ाघाट क्रॉसिंग के पास पार्टी कार्यकर्ताओं ने दो क्रेनों की मदद से अखिलेश यादव को विशाल माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने बस का दरवाजा खोलकर कार्यकर्ताओं से बातचीत भी की। रोड शो में मध्य प्रदेश के मऊगंज से आए सपा कार्यकर्ता राम सुख निषाद ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को इस मुद्दे को उठाना चाहिए। वहीं, भदोही से आए पार्टी कार्यकर्ता चांद बाबू भी अखिलेश का स्वागत करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ता पार्टी को मजबूत करने और गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
देवकही गांव पहुंचने पर अखिलेश यादव स्वतंत्रता सेनानी और शहीद बाबू बंधु सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद वह भाजपा के पूर्व नेता विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह की 10वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान बिन्नू सिंह के भाई अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू के समाजवादी पार्टी में शामिल होने की संभावना है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि टप्पू आगामी विधानसभा चुनाव में चौरी-चौरा सीट से सपा के उम्मीदवार हो सकते हैं, हालांकि पार्टी की ओर से अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
रोड शो के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में रोड शो के दौरान उमड़ी भीड़ यह दिखाती है कि भाजपा का गढ़ कमजोर पड़ रहा है। उन्होंने लिखा, ”गोरखपुर में हमारे रोडशो में उमड़े जनसैलाब को देखकर जनता कह रही है कि किसी का गढ़ गड़बड़ा गया है!”
अखिलेश यादव ने आगे कहा, ”इस बार गोरखपुर में जनता भाजपा को नौ बटे निल कर देगी। पूरे गोरखपुर मंडल में एकजुट पीडीए का समाज प्रभुत्ववादियों को धूल चटा देगा।” उन्होंने अपने संदेश में कहा कि गोरखपुर की पुकार इस बार अहंकार की हार होगी।