लखनऊ, उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 के लिए ‘स्व-गणना’ की सुविधा 16 नवंबर से शुरू होकर 30 नवंबर तक रहेगी और परिवार के सदस्य जनगणना कर्मियों के घर आने से पहले ही अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
राज्य की जनगणना निदेशक और मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी शीतल वर्मा ने यहां संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पहली बार परिवारों को जनगणना कर्मी (प्रगणक) के घर आने से पहले स्वयं ऑनलाइन स्व-गणना करने की सुविधा दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि स्व-गणना 16 नवंबर से 30 नवंबर, 2026 तक आधिकारिक पोर्टल पर की जा सकेगी और परिवार का कोई भी सदस्य घर बैठे अपने परिवार के सभी सदस्यों का विवरण स्वयं भर सकता है।
वर्मा ने लोगों से इस प्रक्रिया में भाग लेने और सही जानकारी देने की अपील की।
इस बीच, लखनऊ में जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियों के दौरान कर्मचारियों की भागीदारी को लेकर समस्या सामने आई है।
नगर निगम ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर 42 से अधिक विभागों के उन कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, जो निगम के आठ जोनल प्रभार क्षेत्रों में आयोजित जनगणना प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहे।
नगर निकाय ने अपने पत्र में उन विभागाध्यक्षों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है, जिन्होंने कथित तौर पर अपने कर्मचारियों को प्रशिक्षण सत्रों में जाने के लिए कार्यमुक्त नहीं किया।
जिन विभागों के कर्मचारी अनुपस्थित रहे, उनमें बेसिक और माध्यमिक शिक्षा, लोक निर्माण, स्वास्थ्य, सिंचाई, लखनऊ विकास प्राधिकरण, कृषि, वन, बिजली और कई अन्य विभाग शामिल हैं।
नगर आयुक्त तथा नगर निकाय के अतिरिक्त प्रधान जनगणना अधिकारी ने जिलाधिकारी और प्रधान जनगणना अधिकारी से अनुरोध किया है कि वे अनुपस्थित कर्मचारियों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू करें।