नई दिल्ली, महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह राज्यों में 33 स्थानों पर छापेमारी की है। इस दौरान एजेंसी ने मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में इन दस्तावेजों से म्यूल बैंक खातों और हवाला के जरिए धन के लेनदेन के संकेत मिले हैं।
सीबीआई के मुताबिक, यह कार्रवाई महादेव ऐप के प्रमुख प्रवर्तकों में शामिल सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों और जांच में जुटाए गए डिजिटल एवं दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर की गई। पिछले कुछ दिनों में दिल्ली, मुंबई, नागपुर, अमृतसर, भोपाल और रायपुर समेत विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई। इन ठिकानों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप के पैनल संचालकों से जुड़े परिसरों को निशाना बनाया गया।
एजेंसी के प्रवक्ता ने बताया कि छापेमारी के दौरान कई स्थानों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के पैनल सक्रिय मिले। बाद में इन पैनलों को निष्क्रिय कर दिया गया। सीबीआई अब बरामद डिजिटल उपकरणों और दस्तावेजों की जांच कर रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और धन के लेनदेन का पता लगाया जा सके।
सीबीआई के अनुसार, सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद एक नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। रायपुर की विशेष अदालत ने पूछताछ के लिए उसे आठ दिन की सीबीआई हिरासत में भेजने की अनुमति दी थी। प्रारंभिक पूछताछ पूरी होने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सीबीआई प्रवक्ता बीना यादव ने बताया कि चंद्राकर से पूछताछ में ऐप के संचालन और भारत में इसके पैनल संचालकों के नेटवर्क के बारे में जानकारी मिली है। जांच में सामने आया है कि इस सट्टेबाजी ऐप का संचालन विदेश स्थित एक मुख्य कार्यालय के जरिए किया जाता था, जबकि भारत में पैनल संचालकों का बड़ा नेटवर्क सक्रिय था।
जांच एजेंसी के मुताबिक, पैनल संचालक ग्राहकों की आईडी का प्रबंधन करते थे। सट्टेबाजी से मिलने वाली रकम दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए या किराये पर लिए गए बैंक खातों में जमा कराई जाती थी। इसके बाद कथित तौर पर मुनाफे की रकम हवाला के जरिए विदेश भेजी जाती थी।
ऐसे बैंक खातों को म्यूल अकाउंट कहा जाता है, जिनका इस्तेमाल अपराधी अवैध धन प्राप्त करने, उसे अलग-अलग खातों में स्थानांतरित करने और रकम के वास्तविक स्रोत को छिपाने के लिए करते हैं। सीबीआई को छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों से इस तरह के खातों के इस्तेमाल के संकेत मिले हैं।
छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से जांच सीबीआई को सौंपे जाने के बाद एजेंसी ने करीब 6,000 करोड़ रुपये के इस कथित सट्टेबाजी घोटाले में दो प्राथमिकी दर्ज की थीं। जांच में महादेव ऑनलाइन बुक को देश के बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क में से एक बताया गया है। एजेंसी के अनुसार, इसका कथित संचालन भारत के बाहर से फ्रेंचाइजी आधारित पैनल और शाखाओं के नेटवर्क के जरिए किया जाता था।
इस ऐप के जरिए क्रिकेट, फुटबॉल, ताश के खेल और अन्य आयोजनों पर ऑनलाइन सट्टा लगवाए जाने का आरोप है। देशभर में फैले नेटवर्क के माध्यम से लोगों को इससे जोड़ा जाता था और उनसे सट्टे की रकम एकत्र की जाती थी।
सीबीआई ने बताया कि मामले में विदेश में मौजूद आरोपियों, नेटवर्क के संचालन में मदद करने वाले लोगों और संबंधित सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपियों को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण संबंधी कदम उठाए जा रहे हैं।