मुजफ्फरनगर में भाई दूज पर बुधवार को बहन के ससुराल आए एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने शनिवार को मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गए।
अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने बताया कि बुधवार को नयी मंडी के निवासी अंकुश (22) बनात कस्बे में अपनी बहन के घर भाई दूज मनाने आया था, जहां कथित तौर पर उसके जीजा और अन्य लोगों ने पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।
उन्होंने कहा कि इस मामले में जीजा अरुण और उसके पिता संजीव को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
उन्होंने बताया कि शनिवार को अरुण के भाई आकाश और उसके एक मित्र रविकांत की पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई जिसमें दोनों अभियुक्तों के पैर में गोली लगी।
शुक्ला ने बताया कि मृतक अंकुश के पिता की शिकायत के आधार पर दर्ज कराई गई प्राथमिकी के मुताबिक, उनका बेटा तिलक लगवाने 11 नवंबर को अपनी बहन के ससुराल गया था जहां पुरानी दुश्मनी के चलते उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने अरुण, उसके पिता संजीव, माता बबीता, आकाश और रविकांत के खिलाफ बीएनएस की धारा 103 और 61 के तहत मामला दर्ज किया था।