अबू धाबी, रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को समाप्त करने की दिशा में अमेरिका की मध्यस्थता में हुई बातचीत के दौरान दोनों पक्ष बड़ी संख्या में युद्धबंदियों की रिहाई पर सहमत हो गए हैं। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राजधानी अबू धाबी में दो दिनों तक चली वार्ता के बाद अमेरिकी अधिकारियों ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। हालांकि, युद्ध समाप्त करने को लेकर दोनों देशों के बीच अभी कोई ठोस सहमति नहीं बन सकी है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर ने वार्ता समाप्त होने के बाद कहा कि बातचीत के सकारात्मक परिणामों में बड़ी संख्या में युद्धबंदियों की मानवीय आधार पर रिहाई पर बनी सहमति शामिल है। उन्होंने बताया कि रिहा किए जाने वाले युद्धबंदियों की संख्या को अंतिम रूप अगले दिन दिया जाएगा।
रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों ने मंगलवार और बुधवार को अमेरिकी मध्यस्थता में लगातार दूसरे दिन बातचीत की। अमेरिकी राष्ट्रपति के विशेष दूत स्टीव व्हिटकॉफ और जेरेड कुशनर ने इस वार्ता में मध्यस्थ की भूमिका निभाई। दोनों देशों के बीच मंगलवार को करीब चार घंटे तक बातचीत हुई थी।
यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे विदेशी खुफिया सेवा के प्रमुख रुस्तम उमेरोव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बुधवार को दूसरे दिन की बातचीत शुरू होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुधवार को पहले रूस, यूक्रेन और अमेरिका के बीच त्रिपक्षीय वार्ता हुई। इसके बाद यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल ने यूरोपीय अधिकारियों के साथ भी बातचीत की।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने मंगलवार को हुई बैठक को रचनात्मक और काफी महत्वपूर्ण बताया था। उनके मुताबिक, बातचीत में युद्धबंदियों की अदला-बदली, कैद में रखे गए यूक्रेनी नागरिकों और यूक्रेन से ले जाए गए बच्चों की वापसी जैसे मानवीय मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके अलावा यूक्रेन की सुरक्षा गारंटियों का मुद्दा भी उठाया गया।
हालांकि, रूस और यूक्रेन ने अपनी प्रमुख मांगों पर समझौते के लिए तैयार होने का कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया है। रूस यूरोपीय देशों को सीधी बातचीत में शामिल करने के पक्ष में नहीं है, जबकि यूक्रेन यूरोपीय देशों का समर्थन चाहता है। यूरोपीय संघ (ईयू) और उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के प्रतिनिधियों की भी अबू धाबी में मौजूदगी बताई गई है।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने बातचीत को काफी सार्थक बताया, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि युद्ध रोकने की दिशा में किसी बड़ी सफलता तक पहुंचने में अभी समय लग सकता है।
इस बीच रूस की अर्थव्यवस्था युद्ध के दबाव से जूझ रही है, वहीं यूक्रेन भीषण सर्दी के दौरान ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर लगातार हो रहे हवाई हमलों से संकट का सामना कर रहा है। ऐसे हालात में अबू धाबी की वार्ता को दोनों देशों के बीच तनाव कम करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। फिलहाल युद्धबंदियों की रिहाई पर बनी सहमति को बातचीत का प्रमुख सकारात्मक परिणाम माना जा रहा है।