भेलसर (अयोध्या), रुदौली में साबरी सिलसिले के महान सूफी संत हजरत शेख अहमद अब्दुल हक मखदूम साहब का 610वां उर्स आज से शुरू हो रहा है। 16 दिनों तक चलने वाले इस उर्स में दरगाह शरीफ और खानकाह शेख उल आलम में विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक और सूफियाना कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उर्स का आगाज दरगाह शरीफ में महफिल-ए-समा (कव्वाली) से होगा। कार्यक्रम सज्जादानशीन एवं मुतवल्ली शाह अम्मार अहमद अहमदी नय्यर मियां की अध्यक्षता में आयोजित किया जाएगा।
उर्स के दौरान लगातार 12 दिनों तक दरगाह शरीफ में प्रतिदिन नमाज-ए-ईशा के बाद परंपरागत महफिल-ए-समा का आयोजन होगा। नय्यर मियां की सरपरस्ती में होने वाली इन महफिलों में सूफी कव्वाल शावेज वारसी सूफियाना कलाम पेश करेंगे।
20 नवंबर को मदरसा जामिया चिश्तिया का दीक्षांत समारोह
उर्स के कार्यक्रमों के तहत 20 नवंबर को खानकाह शेख उल आलम में मदरसा जामिया चिश्तिया का 25वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके मुख्य वक्ता खानकाह मुनाममिया, पटना (बिहार) के सज्जादानशीन डॉ. शमीम उद्दीन मुनामी होंगे। समारोह में 16 हाफिजों और तीन आलिमों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी।
23 नवंबर से शुरू होंगे मुख्य धार्मिक कार्यक्रम
23 नवंबर को नमाज-ए-फज्र के बाद दरगाह शरीफ की मस्जिद में कुरानख्वानी और जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के साथ मुख्य कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इस अवसर पर मौलाना मोहम्मद मुजम्मिल कादरी सकलैनी, उस्ताद जामिया चिश्तिया दरगाह शरीफ, तकरीर करेंगे। रात में नमाज-ए-ईशा के बाद सज्जादानशीन नय्यर मियां की सरपरस्ती में हाजिरी की महफिल आयोजित होगी।
24 नवंबर को नमाज-ए-मगरिब के बाद दरगाह शरीफ की मस्जिद में मुफ्ती शफी आलम अशरफी साबरी का खिताब होगा। इसके बाद रात नौ बजे खानकाह शेख उल आलम में महफिल-ए-समा और कव्वाली का आयोजन किया जाएगा, जो रात एक बजे तक चलेगा।
25 नवंबर को दोपहर दो बजे नमाज-ए-जुहर के बाद खानकाह में महफिल-ए-समा होगी। शाम को नमाज-ए-मगरिब के बाद दरगाह शरीफ में सज्जादानशीन नय्यर मियां दीप प्रज्वलित कर चरागदान की रस्म अदा करेंगे। इसके बाद रात में खानकाह शेख उल आलम में देश के विभिन्न सूफी विद्वानों और सज्जादानशीनों की मौजूदगी में कई पुस्तकों का विमोचन किया जाएगा। रात दस बजे से महफिल-ए-समा शुरू होगी, जो देर रात तीन बजे तक चलेगी। इसके बाद पहला कुल आयोजित होगा।
26 नवंबर को होगी गुस्ल और खिरका शरीफ की रस्म
26 नवंबर को नमाज-ए-फज्र के बाद मखदूम साहब की मजार को सज्जादानशीन नय्यर मियां के नेतृत्व में केवड़ा और गुलाब जल से धोया जाएगा। इसके बाद मजार पर इत्र लगाया जाएगा और गुस्ल की रस्म अदा होगी।
दोपहर दो बजे नमाज-ए-जुहर के बाद खानकाह मखदूम साहब में खिरका शरीफ की महफिल और आखिरी विसाली कुल आयोजित किया जाएगा। इसमें देशभर की विभिन्न दरगाहों से आए सज्जादानशीन और जायरीन शामिल होंगे। इस अवसर पर नय्यर मियां देश के विभिन्न हिस्सों से आए जायरीनों और क्षेत्र के श्रद्धालुओं को मखदूम साहब के पवित्र वस्त्र जुब्बा शरीफ तथा विभिन्न बुजुर्गों के तब्बरुकात की जियारत कराएंगे। इसके साथ ही असर की नमाज भी अदा कराई जाएगी। इन रस्मों के साथ उर्स के मुख्य धार्मिक कार्यक्रमों का समापन होगा।
उर्स के अवसर पर लगने वाला मेला हालांकि लगातार एक महीने तक जारी रहेगा। इसमें दूर-दराज के क्षेत्रों से जायरीन और श्रद्धालु पहुंचेंगे।