अयोध्या, आधार नामांकन और संशोधन की प्रक्रिया को गति देने के लिए डाक विभाग ने आधार सेवाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। अधीक्षक डाकघर अयोध्या मंडल मनोज कुमार श्रीवास्तव ने अयोध्या धाम उप डाकघर स्थित आधार केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान निर्धारित मानक से कम आधार नामांकन होने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाई और ग्राहकों को बेहतर सेवा देने के निर्देश दिए।
मनोज कुमार श्रीवास्तव ने आधार सेवा प्रदान करने वाले सभी डाकघरों को निर्देशित किया कि ग्राहकों को नामांकन और संशोधन की सुविधा प्रतिदिन सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने बताया कि दूर-दराज के गांवों में भी आधार नामांकन और संशोधन के लिए शिविर लगाए जा रहे हैं। इसके लिए इच्छुक व्यक्ति मंडल कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर विचार करने के बाद संबंधित क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
आधार बनवाना निशुल्क, संशोधन के लिए निर्धारित शुल्क
अधीक्षक डाकघर ने आधार सेवाओं के शुल्क की जानकारी देते हुए बताया कि नया आधार कार्ड बनवाने की सुविधा पूरी तरह निशुल्क है। निवास, नाम, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर में संशोधन के लिए 75 रुपये शुल्क निर्धारित है, जबकि बायोमेट्रिक अपडेट के लिए 125 रुपये देने होंगे।
अयोध्या के इन डाकघरों में उपलब्ध है आधार सेवा
अयोध्या जिले में अयोध्या सिटी (चौक और कनक मार्केट), साहबगंज, अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन, अयोध्या धाम, सोहावल, मोतीनगर, रुदौली, मीरमऊ, गोसाईगंज, कुचेरा, कुमारगंज, मवई, मया, मिल्कीपुर, पटरंगा, बीकापुर, खपराडीह, चौरेबाजार, दर्शननगर और हरिंगटनगंज उप डाकघरों में आधार सेवाएं उपलब्ध हैं।
इसके अलावा अयोध्या प्रधान डाकघर में तीन काउंटरों पर प्रतिदिन आधार संबंधी कार्य किए जा रहे हैं। अयोध्या प्रधान डाकघर और अकबरपुर प्रधान डाकघर में प्रत्येक रविवार को भी सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक आधार नामांकन और संशोधन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
अंबेडकरनगर के डाकघरों में भी मिलेगी सुविधा
अंबेडकरनगर जिले में बसखारी, देवरिया, इल्तिफातगंज, जाफरगंज, जहांगीरगंज, किछौछा, सिकंदरपुर, भीटी, राजेसुल्तानपुर और महरुआगोला उप डाकघरों सहित अकबरपुर प्रधान डाकघर में भी आधार सेवाएं सुबह नौ बजे से उपलब्ध कराई जा रही हैं।
डाक विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे आधार नामांकन और संशोधन के लिए अपने नजदीकी डाकघर में निर्धारित समय के भीतर पहुंचकर सेवाओं का लाभ उठाएं।