नयी दिल्ली, राष्ट्रीय भूमि मौद्रीकरण निगम (एनएलएमसी) ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में तीन स्थानों पर स्थित सरकार के स्वामित्व वाले 11 आवासीय फ्लैट की ई-नीलामी के लिए बोलियां आमंत्रित की हैं। यह नीलामी 11 दिसंबर को होगी।
इस नीलामी के लिए प्रस्ताव आमंत्रित करने संबंधी दस्तावेज (आरएफपी) पांच नवंबर को जारी किया गया था। इसमें इच्छुक घर खरीदारों, व्यक्तिगत निवेशकों और अन्य पात्र बोलीदाताओं से भाग लेने को कहा गया है।
ये फ्लैट सिविल लाइंस क्षेत्र में मुइर रोड, थॉर्नहिल रोड और टीबी सप्रू रोड पर स्थित हैं। ये जूही, परिवर्तन और अग्निपथ आवास योजनाओं का हिस्सा हैं।
कुल 11 फ्लैट में से पांच मुइर रोड स्थित जूही आवास योजना में हैं, जिनका निर्मित क्षेत्र 107 से 108 वर्ग मीटर के बीच है। थॉर्नहिल रोड स्थित परिवर्तन आवास योजना के चार फ्लैट का क्षेत्रफल 106 से 139 वर्ग मीटर के बीच है। वहीं, टीबी सप्रू रोड स्थित अग्निपथ आवास योजना के शेष दो फ्लैट का क्षेत्रफल लगभग 96 और 112 वर्ग मीटर है।
इन आवासीय इकाइयों में दो और तीन शयनकक्ष वाले फ्लैट शामिल हैं। जूही योजना में पांच दो शयनकक्ष वाले फ्लैट हैं, जबकि परिवर्तन योजना में दो और तीन शयनकक्ष वाले दोनों तरह के फ्लैट हैं। अग्निपथ योजना में तीन शयनकक्ष वाले दो फ्लैट शामिल हैं।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, ये संपत्तियां प्रयागराज के स्थापित रिहायशी इलाकों में आवास तलाश रहे लोगों के साथ-साथ लंबे समय के लिए आवासीय संपत्ति में निवेश करने के इच्छुक निवेशकों के लिए अवसर उपलब्ध कराती हैं।
संभावित बोलीदाताओं के सवालों के जवाब देने के लिए 20 नवंबर को सुबह 11 बजे से बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें नीलामी प्रक्रिया, पात्रता शर्तों, जरूरी दस्तावेजों और भुगतान प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर जानकारी दी जाएगी।
नीलामी में पंजीकरण कराने और बयाना राशि (ईएमडी) जमा करने की अंतिम तारीख सात दिसंबर, 2026 को शाम पांच बजे तक है।
ई-नीलामी 11 दिसंबर को सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक डिजिटल मंच के माध्यम से आयोजित की जाएगी।
पंजीकरण एवं भागीदारी
ई-नीलामी एक डिजिटल नीलामी मंच के माध्यम से आयोजित की जाएगी। इस मंच पर पात्र प्रतिभागी आरएफपी में निर्दिष्ट नियमों एवं शर्तों के अनुसार प्रतिस्पर्धी बोलियां प्रस्तुत कर सकेंगे।
संभावित बोलीकर्ताओं, मकान खरीदारों और निवेशकों को इन आवासीय संपत्तियों का अवलोकन करने तथा आगामी ई-नीलामी में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जाता है।
आरएफपी, संपत्तियों का विस्तृत विवरण, पात्रता संबंधी आवश्यकताएं, बयाना राशि (ईएमडी) से जुड़े प्रावधान, बोली प्रक्रिया तथा अन्य नियम एवं शर्तें निर्धारित ई-नीलामी पोर्टल पर उपलब्ध हैं।
ई-नीलामी पोर्टल: https://eauction.enivida.com
पंजीकरण एवं ईएमडी जमा करने की अंतिम तिथि: 7 दिसंबर, 2026, सायं 5:00 बजे
ई-नीलामी की तिथि: 11 दिसंबर, 2026, पूर्वाह्न 11:00 बजे सायं 5:00 बजे तक
इच्छुक प्रतिभागियों को सलाह दी जाती है कि वे आरएफपी का सावधानीपूर्वक अध्ययन करें और निर्धारित समय-सीमा से पहले सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर लें।