अयोध्या, दीपोत्सव-2026 के प्रमुख आयोजनों को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने आयोजन स्थलों के अनुसार अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी हैं। उप राष्ट्रपति के आगमन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रमों को देखते हुए एयरपोर्ट से श्रीरामजन्मभूमि परिसर, नया घाट, रामकथा पार्क और राम की पैड़ी तक व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए अलग-अलग मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
पांच नवंबर को जारी संशोधित आदेश में शोभायात्रा, अतिथि दीर्घाओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी भी अधिकारियों को सौंपी गई है।
रामकथा पार्क में मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह संपूर्ण व्यवस्थाओं की कमान संभालेंगे। यहां मंच, विशिष्ट अतिथि दीर्घा, संत समाज और मीडिया गैलरी की व्यवस्था के लिए अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं राम की पैड़ी पर अपर जिलाधिकारी अमित कुमार भट्ट आयोजन की निगरानी करेंगे।
यहां मुख्यमंत्री के मंच, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संत समाज की दीर्घा और अतिथियों के बैठने की व्यवस्था अलग-अलग अधिकारियों के जिम्मे रहेगी। दीप प्रज्ज्वलन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का नेतृत्व अपर जिलाधिकारी नगर एवं मेलाधिकारी दिनेश करेंगे।
विशिष्ट अतिथियों के आगमन, दर्शन-पूजन और कार्यक्रम स्थलों तक आवागमन के लिए भी अधिकारियों की तैनाती की गई है। एयरपोर्ट पर अपर जिलाधिकारी कौशल कुमार अतिथियों के आगमन और प्रस्थान की व्यवस्था संभालेंगे। अपर नगर आयुक्त भारत और डिप्टी कलेक्टर गजेंद्र सिंह एयरपोर्ट से नया घाट होते हुए श्रीरामजन्मभूमि परिसर तक मार्ग और शांति व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
साकेत महाविद्यालय बंधा तिराहे से रामकथा पार्क तक निकलने वाली शोभायात्रा की जिम्मेदारी मुख्य राजस्व अधिकारी गजेंद्र कुमार को दी गई है। उनके साथ जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्र, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मोहन त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारी यात्रा के विभिन्न हिस्सों में व्यवस्थाएं संभालेंगे।
दीपोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात, पार्किंग, बैरिकेडिंग और आवागमन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। राम की पैड़ी, सरयू आरती स्थल और प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाओं की निगरानी की जाएगी।
नया घाट स्थित सरयू आरती स्थल की संपूर्ण जिम्मेदारी अपर जिलाधिकारी प्रशासन विशु राजा और उप जिला मजिस्ट्रेट पवन कुमार शर्मा को सौंपी गई है। वहीं जिले की संपूर्ण यातायात व्यवस्था अपर जिलाधिकारी इंद्राकांत द्विवेदी संभालेंगे।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कहा कि दीपोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और विशिष्ट अतिथियों की सुविधा एवं सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी प्रमुख आयोजन स्थलों पर अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं।
संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आयोजन के दौरान भीड़ प्रबंधन से लेकर अतिथियों के आवागमन तक किसी प्रकार की असुविधा न हो।