सीतापुर जिले में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पिसावां थाना क्षेत्र में पिहानी मार्ग स्थित कुलहाघाट के पास हुआ। यहां मुंडन संस्कार में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग एक बच्चे के मुंडन संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान कुलहाघाट के पास पीछे से आए ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार लोग उसके नीचे दब गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर पिसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल 11 लोगों का उपचार जारी है। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीतापुर में हुए हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित करने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
— Sitapur Police (@sitapurpolice) November 6, 2026