अयोध्या, उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सैयद सिराज अब्बास रिज़वी ने अयोध्या जनपद में अपने कार्यों के सुचारू संचालन और जनसहयोग के लिए अपना क्षेत्र-प्रतिनिधि नामित किया है। इस संबंध में उन्होंने औपचारिक आदेश जारी कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, राठ हवेली (फैजाबाद) निवासी जीशान मेहंदी को उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के अंतर्गत अयोध्या जनपद के लिए क्षेत्र-प्रतिनिधि की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे आयोग से जुड़े कार्यों के निष्पादन और क्षेत्रीय समस्याओं के निस्तारण में सदस्य के सहयोगी के रूप में कार्य करेंगे।
आदेश में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि इस पद पर कार्य करने के लिए जीशान मेहंदी को किसी भी प्रकार का वेतन, मानदेय, भत्ता, शुल्क या अन्य व्यय देय नहीं होगा। यह नियुक्ति पूरी तरह से अवैतनिक है और इसका कार्यकाल माननीय आयोग के वर्तमान कार्यकाल तक ही प्रभावी रहेगा।
इस मनोनयन की प्रतिलिपि आवश्यक सूचनार्थ एवं अग्रिम कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी अयोध्या तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अयोध्या को भी प्रेषित कर दी गई है। जीशान मेहंदी के क्षेत्र-प्रतिनिधि मनोनीत होने पर स्थानीय नागरिकों, शुभचिंतकों और समर्थकों ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।