बाराबंकी जिले के सिटी कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर मोहल्ले में एक व्यक्ति ने अपने घर पर अपनी 30 वर्षीय पत्नी की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान संदीप के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, संदीप ने मंगलवार रात घरेलू विवाद के बाद अपने ससुर को कथित तौर पर फोन पर बताया कि उसने अपनी पत्नी सीमा की हत्या कर दी है, फिर घर में ताला लगाकर फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि महिला के पिता धर्मेश फोन आने के बाद घर पहुंचे, जहां उन्होंने घर पर ताला लगा पाया। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और एक कमरे में सीमा का शव बरामद किया।
अपर पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी और क्षेत्राधिकारी आफताब आलम ने मौके का निरीक्षण किया और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की।
पुलिस ने बताया कि सीमा और संदीप ने लगभग 10 साल पहले ‘कोर्ट मैरिज’ की थी और उनकी आठ साल की एक बेटी है। पुलिस ने बताया कि संदीप ऑटो रिक्शा चालक के रूप में काम करता था और परिजनों के अनुसार, दंपति के बीच अक्सर झगड़ा होता था।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने संदीप का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के लिए एक अभियान शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामने की जांच कर रही है।