फिरोजाबाद जिले में बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-दो (एनएच-2) पर सड़क हादसे में महिला मजिस्ट्रेट की मौत हो गई। उनकी कार आगे चल रही एक अन्य कार से टकराने के बाद डिवाइडर पर चढ़ गई थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतका की पहचान 45 वर्षीय सोनम चतुर्वेदी के रूप में हुई है जो फिरोजाबाद जिला न्यायालय में उपभोक्ता अदालत की विशेष मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात थीं।
सूत्रों ने बताया कि सोनम मूल रूप से मैनपुरी जिले के चंदीकरा गांव की रहने वाली थीं और आगरा के ताज नगरी फेज-दो में रहती थीं।
शिकोहाबाद के पुलिस क्षेत्राधिकारी जय बिंद गुप्ता ने बताया कि सोनम सुबह अपनी कार से आगरा स्थित घर से फिरोजाबाद जिला न्यायालय के लिए रवाना हुई थीं।
उन्होंने बताया कि पूर्वाह्न करीब 10 बजकर 45 मिनट पर मक्खनपुर थाना क्षेत्र में उनकी कार आगे जा रही एक अन्य कार से टकरा गयी और उसके बाद उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई।
गुप्ता ने बताया कि हादसे में सोनम के सिर में गंभीर चोट आई और सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद दूसरी कार का चालक मौके से फरार हो गया।
गुप्ता ने बताया कि पुलिस उसकी तलाश कर रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।