सुलतानपुर जिले में पुलिस ने पांच कथित मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 3.25 करोड़ रुपये है।
जयसिंहपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से स्मैक से भरे पांच पारदर्शी प्लास्टिक के पैकेट, 3,210 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और तीन बैग जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश मिश्रा (24), अंकित मिश्रा (25), चित्रांश सिंह (23), अभिषेक गोस्वामी (24) और आदित्य सिंह (24) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी सुलतानपुर जिले के निवासी हैं और उनका आपराधिक इतिहास रहा है। अधिकारियों ने बताया कि मोतिगरपुर थाने में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।