हमीरपुर जिले के मुस्करा थाना क्षेत्र में तीन साल की बच्ची से कथित तौर पर दुष्कर्म करने के बाद उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने बताया कि रविवार दोपहर घर के बाहर खेल रही बच्ची को पड़ोस में रहने वाला 30 वर्षीय युवक हीरालाल बहला-फुसलाकर अरहर के खेत में ले गया, जहां उसने कथित तौर पर बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसी के पायजामे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि बच्ची के लापता होने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो आरोपी भी उनके साथ उसे खोजने का नाटक करता रहा। काफी देर तक तलाश करने के बाद रात करीब आठ बजे बच्ची का शव अरहर के खेत में मिला।
वारदात के पुलिस के घटनास्थल पहुंचने पर परिजनों ने आरोपी हीरा लाल को पुलिस के हवाले कर दिया, लेकिन बाद में उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया और बच्ची का शव उठाने नहीं दिया। पुलिस ने जब दोबारा शव उठाने की कोशिश की तो ग्रामीण उग्र हो गए और उन्होंने पुलिस के वाहनों पर पथराव कर दिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी राठ, कोतवाल राठ, बिंवार कोतवाल समेत पुलिस के छह वाहनों में तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करके बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने आरोपी हीरालाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी राठ राजकुमार पाण्डेय ने बताया की पुलिस आरोपी को पूछताछ के लिए ले जा रही थी, तभी उसने पहले से छिपाकर रखे गए तमंचे से पुलिस पर गोली चलाई और भागने की कोशिश की।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। इस गोलीबारी में आरोपी के पैर में गोली लगी। फिलहाल उसका जिला अस्पताल में इलाज हो रहा है। पुलिस के अनुसार, गांव की स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण है।