कुशीनगर जिले में रविवार देर रात एक वैन और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई जबकि एक नाबालिग लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया।
हाटा के थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने सोमवार को बताया कि हादसा रविवार रात करीब 11 बजे हाटा-पिपराइच मार्ग पर हुआ। वैन में सवार लोग तिलक समारोह से घर लौट रहे थे। आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलते ही हाटा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किशोर को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान कन्हैया प्रसाद (40), रामविलास (65), राम मिलन (35), मृदुल मिश्रा (35), रंजय गुप्ता (32) और मिथिलेश गुप्ता (22) के रूप में हुई है। ये सभी कुशीनगर जिले के ही रहने वाले थे।
आर्यन (16) गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसका इलाज कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में हो रहा है।थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद मौके से फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।