गुजरात के राजकोट में कालावड़ रोड स्थित एक होटल में जन्मदिन की पार्टी के दौरान शराब पीने के संदेह में 38 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (जोन-2) राकेश देसाई ने बताया कि स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार रात होटल में छापा मारा था।
उन्होंने कहा, “मौके पर ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई। इस दौरान शराब के नशे में पाए गए लोगों के खिलाफ गुजरात निषेध कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पार्टी में करीब 30 महिलाएं भी मौजूद थीं, लेकिन जांच के दौरान किसी के भी शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई।
डीसीपी ने बताया कि राजकोट सिविल अस्पताल में मेहमानों और होटल कर्मचारियों समेत 98 लोगों के रक्त के नमूने लिए गए, जिसके बाद 38 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि इनमें पार्टी में शामिल 35 पुरुष और होटल के तीन कर्मचारी शामिल हैं।
उन्होंने कहा, “चिराग पटेल नामक व्यक्ति ने अपना जन्मदिन मनाने के लिए इस पार्टी का आयोजन किया था। हमने अलग-अलग ब्रांड की भारत में निर्मित विदेशी शराब (आईएमएफएल) की 750 मिलीलीटर वाली 11 खाली और भरी हुई बोतलें जब्त की हैं। छापेमारी के दौरान कोई अन्य मादक पदार्थ नहीं मिला। पार्टी में मौजूद ज्यादातर लोग राजकोट और पड़ोसी जिले मोरबी के रहने वाले थे।”
देसाई ने बताया कि होटल के लाइसेंस, पुराने रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की जा रही है। साथ ही होटल प्रबंधन और पार्टी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
गुजरात के गठन के बाद से यहां शराब उत्पादन, भंडारण, बिक्री और सेवन पर पाबंदी है।