एटा जिले में पिछले महीने लापता हुए एक युवक की हत्या की गुत्थी का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने उधार दिये रुपये को लेकर विवाद में युवक की हत्या कर शव बोरे में बंद कर काली नदी में फेंक दिया था।
पुलिस ने बताया कि शव शनिवार को बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर को अलीगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर के पास काली नदी से शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान गलारपुर निवासी विमलेश (35) के रूप में हुई।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) श्वेताभ पांडेय ने बताया कि विमलेश की हत्या के आरोप में रोहित और अजीत को गिरफ्तार किया गया तथा उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर को रोहित ने अपने रिश्तेदार अजीत के साथ मिलकर विमलेश को शराब पिलाई और धुमरी पुल के पास टायर लीवर से उसके सिर पर वार कर हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद उन्होंने शव को बोरे में बंद करके काली नदी में फेंक दिया। पुलिस के मुताबिक, विमलेश की पत्नी ने 22 अक्टूबर को उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
परिजनों की आशंका पर पुलिस ने 28 अक्टूबर को रोहित और अजीत के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस ने बताया कि तीन-चार दिन की तलाश के बाद शनिवार को रसूलपुर के पास काली नदी से विमलेश का शव बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर विमलेश की मोटरसाइकिल, हत्या में इस्तेमाल किया गया टायर लीवर और रोहित के खून से सने कपड़े बरामद किए।