मेरठ में गंगानगर थाना क्षेत्र की डिफेंस कॉलोनी में घरेलू सहायिका द्वारा कथित तौर पर मालकिन को जहरीला पदार्थ खिलाकर बेहोश करने और घर से कीमती सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, प्राचीन धातु की मुद्राएं, पुराने सिक्के और 3.56 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के अनुसार, 26 अक्टूबर को डिफेंस कॉलोनी निवासी आशुतोष भल्ला ने गंगानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनके घर में काम करने वाली महिला ने उनकी मां को कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और इस दौरान घर से कीमती सामान चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, मामले के खुलासे के लिए गंगानगर थाना पुलिस और विशेष अभियान दल (स्वाट) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए जितेंद्र कुमार, रोशनी ओराओन, मनीष कुमार उर्फ मन्नू और मीनू को गिरफ्तार किया। पुलिस अब मामले में आरोपियों की कथित भूमिका और चोरी की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, 32 छोटे-बड़े सिक्के, 111 पुराने सिक्के और प्राचीन धातु की आठ मुद्राएं बरामद करने की जानकारी दी है।
इसके अलावा 3.56 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आभूषणों और सिक्कों समेत बरामद सामान का अनुमानित मूल्य करीब दो करोड़ रुपये है।
पुलिस ने चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है। बरामदगी के आधार पर मामले में अन्य संबंधित कानूनी धाराएं भी जोड़ी गई हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।