बहराइच जिले में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में एक करोड़ 85 लाख रुपये मूल्य की 380 ग्राम स्मैक बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बृहस्पतिवार को बताया कि पहली कार्रवाई बुधवार रात फखरपुर थाना क्षेत्र में ग्राम गायघाट संपर्क मार्ग के मोड़ के पास की गई। उन्होंने बताया कि संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के दौरान दो लोगों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से 354 ग्राम स्मैक, दो मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई।
श्रीवास्तव ने बताया कि बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.75 करोड़ रुपये है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इसरार खान (24) और नियाजुद्दीन (23) के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, दूसरी कार्रवाई बृहस्पतिवार सुबह भारत-नेपाल सीमा से सटे रुपईडीहा थाना क्षेत्र में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने की।
उन्होंने बताया कि नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले रास्ते पर जांच के दौरान एक युवक को रोककर तलाशी ली गई और उसके पास से 26 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान चांद बाबू उर्फ चंदू कुरैशी (19) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।