वाराणसी जिले के रामनगर में प्रसिद्ध रामलीला के लिए लाया गया एक हाथी रविवार को अचानक बेकाबू हो गया और उसने अपने महावत को सूंड से उठाकर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार घायल महावत को उपचार के लिए काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद हाथी को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
रामनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा ने बताया कि रामनगर की प्रसिद्ध रामलीला में पारंपरिक रूप से हाथी का इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने बताया कि रामनगर के पंचवटी मैदान में रविवार पूर्वाह्न करीब साढ़े 10 बजे महावत छापलू हाथी को खाना देने गया था लेकिन तभी वह अचानक किसी कारणवश बेकाबू हो गया और उसने महावत पर हमला कर दिया।
वाराणसी में हाथी हुआ बेकाबू। रामनगर के पंचवटी मैदान पर महावत को भी पटका… इलाके में जारी है हाथी का उत्पात..
जानकारी के अनुसार, हाथी काशी नरेश अनंत नारायण सिंह का है… इसी हाथी पर सवार हो कर निकलती है काशी नरेश की सवारी pic.twitter.com/Q90VLkByz2
— Devesh Pandey (@devveshpandey) October 18, 2026
उन्होंने बताया कि हाथी ने महावत को अपनी सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मिश्रा ने बताया कि महावत को बीएचयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
सूत्रों के अनुसार मौके पर मौजूद लोगों में घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई।
उन्होंने कहा कि हाथी को सुरक्षित तरीके से नियंत्रित करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया जा रहा है, ताकि विशेषज्ञों की मदद से हाथी को काबू में किया जा सके और किसी अन्य व्यक्ति को नुकसान पहुंचने से रोका जा सके।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस और संबंधित अधिकारियों की ओर से हाथी को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।