बलरामपुर जिले में दुर्गा पूजा पंडाल में बेकाबू कार घुसने से बड़ा हादसा हो गया। शनिवार रात करीब साढ़े 10 बजे कोतवाली देहात क्षेत्र के चरनगहिया बेल्हा गांव में हुई इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
जानकारी के मुताबिक, गांव में दुर्गा माता के मंदिर के पास सड़क से नीचे टेंट लगाया गया था, जहां पर्दे पर वीडियो दिखाया जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर टेंट का कुछ हिस्सा तोड़ते हुए वहां मौजूद लोगों पर चढ़ गई। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कुल सात लोग घायल हुए थे।
घायलों में मनोज सिंह, गणेश कुमार और पातेश्वरी की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, छेदी गुप्ता, डब्लू गुप्ता, मुकेश तिवारी और धूप राम घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना में एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
क्षेत्राधिकारी अभिषेक सिंह के मुताबिक, पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को पकड़ लिया है और चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और कार अनियंत्रित कैसे हुई, इसकी जानकारी जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी।
— BALRAMPUR POLICE (@balrampurpolice) October 18, 2026