देवरिया जिले की पथरदेवा नगर पंचायत में विकास कार्यों के टेंडर पर कब्जे को लेकर विवाद के बाद अधिशासी अधिकारी (ईओ) के अपहरण की कोशिश और मारपीट के आरोप में दो पक्षों की तहरीर पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश सिंह ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि आठ अक्टूबर की रात पथरदेवा चौराहे पर ठेकेदार धीरज सिंह और उसके साथियों ने ईओ हिमांशु प्रताप सिंह को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल होकर बेहोश हो गए।
नगर पंचायत अध्यक्ष की तहरीर पर पुलिस ने धीरज सिंह, करुणेश मिश्रा, विकास, निलेश शुक्ला और विवेक दुबे समेत पांच नामजद और 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
वहीं, ठेकेदार धीरज सिंह की तहरीर पर ईओ और नगर पंचायत अध्यक्ष समेत 52 लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मामला नगर पंचायत के ठेके-पट्टों से जुड़ा बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह करीब नौ बजे धीरज सिंह को उनके देवरिया स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया। उसी दिन शाम करीब चार बजे पुलिस और विशेष अभियान समूह (एसओजी) की टीम ने करुणेश मिश्रा और विवेक दुबे को भी गिरफ्तार कर लिया।
तरकुलवा थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने सोमवार को बताया कि दोनों मुकदमे शुक्रवार रात करीब 11 बजे दर्ज किए गए थे। दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।