अयोध्या, नवरात्र और दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के बीच चौक से नाका मार्ग की जर्जर हालत को लेकर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति ने नाराजगी जताई है। मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने आरोप लगाया कि बार-बार अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है।
उन्होंने चेतावनी दी कि जर्जर सड़क के कारण किसी प्रकार की दुर्घटना होने पर संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल के अनुसार, बीती देर शाम अपर जिलाधिकारी नगर दिनेश, अपर पुलिस अधीक्षक नगर चक्रपाणि त्रिपाठी और समिति के अन्य पदाधिकारियों के साथ चौक से फतेहगंज तक सड़क का निरीक्षण किया गया।
उन्होंने बताया कि शहर के अधिकांश स्थानों पर मां भगवती की आराधना शुरू हो चुकी है और दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु निकल रहे हैं। सड़क की खराब हालत के कारण लोगों को परेशानी हो रही है और कुछ श्रद्धालुओं के चोटिल होने की बात भी सामने आई है।
मनोज जायसवाल ने कहा कि अगले दो-तीन दिनों में इसी मार्ग से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का पैदल आवागमन होगा। मां भगवती और प्रभु श्रीराम की भव्य शोभायात्रा भी इसी रास्ते से निकाली जाएगी। इसके बावजूद जल निगम, जलकल और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से सड़क की मरम्मत नहीं किए जाने पर उन्होंने असंतोष जताया।
समिति के मुताबिक, सड़क की समस्या को कई बार उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया है, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इससे दुर्गा पूजा समितियों के कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। समिति ने संबंधित विभागों से जल्द सड़क दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि नवरात्र और दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट संजीव उपाध्याय, क्षेत्राधिकारी नगर श्रीयश त्रिपाठी, नगर कोतवाल मनोज शर्मा, केंद्रीय समिति के संयोजक गगन जायसवाल, जल निगम प्रभारी अखिलेश पाठक तथा अतुल सिंह, केशव बिगुलर, रोहिताश्व चंद्र राजू, अंकुश गुप्ता, जनार्दन पांडे, रंजीत शर्मा और अंश गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे। निरीक्षण में जल निगम के अधिकारी भी शामिल थे।