अयोध्या। कोठापार्चा, चौक स्थित श्री बाल रामलीला समिति की ओर से शनिवार को विधि-विधानपूर्वक गणेश पूजन के साथ रामलीला का शुभारंभ किया गया। पूजन के बाद रामलीला मंचन की शुरुआत हुई। आयोजन को लेकर समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों में उत्साह देखने को मिला। रामलीला के माध्यम से बच्चों को भगवान श्रीराम के आदर्शों, भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।
रामलीला में भाग लेने वाले बच्चों को अभिनय, संवाद अदायगी और मंचन का प्रशिक्षण डॉ. किशन सोनी दे रहे हैं। समिति के सदस्यों के अनुसार, बच्चे पिछले दो महीनों से रामलीला की तैयारियों में जुटे हुए हैं। अभ्यास के जरिए उन्हें पात्रों के अनुरूप संवाद बोलने, अभिनय करने और मंच पर प्रस्तुति देने का प्रशिक्षण दिया गया है।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि रामलीला का उद्देश्य बच्चों में धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति रुचि विकसित करना है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों और आदर्शों को समझने का अवसर मिलता है।
आयोजन के सफल संचालन में समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ महान, उपाध्यक्ष आशीष महान, राजेंद्र सिंह वैभव, महामंत्री राम जी सोनी, कोषाध्यक्ष कन्हैया लाल यादव, मीडिया प्रभारी अतुल चौरसिया और मंत्री इंजीनियर उज्ज्वल सोनी दीपांकर सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य सहयोग कर रहे हैं। समिति के सहयोगियों में गोपाल सोनी, भानु प्रताप गुप्ता, शिव कुमार गुप्ता, धनंजय कौशल और सूर्यभान पाल भी शामिल हैं।