महराजगंज जिले में नारायणी नदी में मछली पकड़ने गए 35 वर्षीय एक व्यक्ति पर एक मगरमच्छ कथित रूप से हमला करके उसे नदी में खींच लिया। करीब 27 घंटे तक चले तलाश अभियान के बाद मंगलवार को उसका क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया।
पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि निचलौल थाना क्षेत्र के गेंदहवा गांव निवासी छबीलाल साहनी सोमवार को नदी में मछली पकड़ने गया था, तभी उसमें से निकले मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और उसे पानी में खींच ले गया।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और उसकी तलाश के लिए सशस्त्र सीमा बल और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीम को भी लगाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि साहनी का क्षत-विक्षत शव मंगलवार दोपहर बरामद हुआ, जिसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद नियमानुसार मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
निचलौल के वन क्षेत्राधिकारी सुनील राय ने बताया कि नारायणी नदी में मगरमच्छों की बढ़ती गतिविधि को देखते हुए ग्रामीणों को नदी क्षेत्र में नहीं जाने की चेतावनी दी गई है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद नदी के आसपास निगरानी और सतर्कता भी बढ़ा दी गई है।