तेल अवीव, दुबई से तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई के एक वाणिज्यिक विमान को बुधवार को बीच उड़ान में आपात स्थिति के बाद सऊदी अरब के तबूक हवाईअड्डे पर उतारना पड़ा। विमान से आपातकालीन संकेत जारी होने के बाद कुछ समय के लिए संभावित अपहरण की आशंका पैदा हो गई और इजराइल ने एहतियात के तौर पर अपने लड़ाकू विमान भी रवाना किए। हालांकि, बाद में इजराइली अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह हाईजैकिंग की घटना नहीं थी।
रॉयटर्स के अनुसार, फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। उड़ान के दौरान विमान ने पहले सामान्य आपात संकेत और बाद में संभावित ‘अनलॉफुल इंटरफेरेंस’ का संकेत दिया। इसके बाद विमान ने अपना मार्ग बदला और सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित लैंडिंग की। फ्लाईदुबई ने पुष्टि की कि विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित हैं।
❗'दो और पायलटों ने संभाला कंट्रोल…' पैसेंजर की मां ने Flydubai के विमान में हुई डरावनी घटना के बारे में बताया
महिला ने बताया कि एक शख्स ने चाकू निकालकर पायलट को मारने की कोशिश की। उनकी बेटी ने विमान में चीख-पुकार और मदद की आवाजें सुनीं। इस दौरान फ्लाइट का कंट्रोल बिगड़ता गया।… pic.twitter.com/XdU7innE8c
— RT Hindi (@RT_hindi_) September 30, 2026
इजराइली सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटना का संबंध कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच हुई शारीरिक झड़प से सामने आया है। इस घटना के कारण विमान से आपात संकेत भेजे गए, जिन्हें शुरुआत में संभावित अपहरण के संकेत के रूप में देखा गया। उपलब्ध उड़ान निगरानी आंकड़ों के अनुसार विमान ने घटना के दौरान तेजी से ऊंचाई भी कम की थी।
कुछ मीडिया रिपोर्टों में कॉकपिट में हिंसक झड़प और एक पायलट के घायल होने संबंधी दावे किए गए हैं, लेकिन इन अतिरिक्त विवरणों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। इसलिए फिलहाल इन्हें जांचाधीन जानकारी के रूप में ही देखा जा रहा है।
फ्लाईदुबई ने कहा है कि उसकी टीमें संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर घटना की जांच में सहयोग कर रही हैं और यात्रियों तथा चालक दल की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। घटना के बाद विमान को तबूक में ही रखा गया और आगे की प्रक्रिया संबंधित अधिकारियों के समन्वय से की जा रही है।