नागोया, भारत की किरण पहल, पूवम्मा माचेतिरा , प्राची और विथ्या रामराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियाई खेलों में मंगलवार को महिलाओं की चार गुणा 400 मीटर में स्वर्ण जीता जो इन खेलों में एथलेटिक्स में भारत का पहला स्वर्ण है।
भारतीय टीम ने तीन मिनट 29 . 69 सेकंड का समय निकाला । बहरीन दूसरे और चीन तीसरे स्थान पर रहा।
इससे पहले गुरिंदरवीर सिंह, अनिमेष कुजूर, स्नेहा सत्यनारायण और हरिता भद्रा ने चार गुणा 100 मीटर मिश्रित रिले फाइनल में सत्र का सर्वश्रेष्ठ 41 . 06 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीता ।
भारत की पूजा सिंह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दोहरा नहीं सकी लेकिन 1 . 84 मीटर की कूद से महिलाओं की ऊंची कूद में कांस्य पदक जीता।
वहीं गुलवीर सिंह ने एशियाई खेलों में अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए पुरूषों की 5000 मीटर रेस में 13 मिनट 32 . 75 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीता जो इन खेलों में उनका तीसरा पदक था।
इन खेलों में भारत की आखिरी एथलेटिक्स स्पर्धा में धरमवीर चौधरी, मनु थेक्किनलिल, जय कुमार और विशाल थेन्नारासू ने पुरूषों की चार गुणा 400 मीटर रिले फाइनल में कांस्य पदक जीता । जापान को स्वर्ण और कतर को रजत पदक मिला।
गुलवीर ने पुरूषों की 1500 मीटर और 10000 मीटर रेस में रजत पदक जीता था।
इसके साथ ही वह ट्रैक और फील्ड स्पर्धा में एक ही एशियाई खेलों में तीन पदक जीतने वाले भारत के दूसरे पुरूष खिलाड़ी बन गए । इससे पहले 1951 में दिल्ली में हुए पहले एशियाई खेलों में भारत के लेवी पिंटो ने 100 मीटर, 200 मीटर में स्वर्ण और चार गुणा 100 मीटर रिले में रजत पदक जीता था।
पी टी उषा ने सियोल में 1986 एशियाई खेलों में चार स्वर्ण और एक रजत पदक जीता था । मध्यम दूरी की धाविका के एम बीनामोल ने 2002 बुसान एशियाई खेलों में तीन पदक जीते थे।
गुलवीर के बाद चार गुणा 400 मीटर मिश्रित रिले टीम 41 . 06 सेकंड का समय निकालकर तीसरे स्थान पर रही । चीन को स्वर्ण और थाईलैंड को रजत पदक मिला।
भारत के देव कुमार मीणा ने पुरूषों के पोल वॉल्ट में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए 5 . 50 मीटर का प्रयास किया लेकिन सातवें स्थान पर रहे । महिलाओं की 800 मीटर में पूजा ओल्ला और पुरूष वर्ग में मोहम्मद अफजल क्रमश: सातवें और आठवें स्थान पर रहे।
भारत ने 2026 एशियाई खेलों में एथलेटिक्स में अपने अभियान का अंत 24 पदक के साथ किया जिसमें एक स्वर्ण , नौ रजत और 14 कांस्य पदक शामिल थे । हांगझोउ में 2023 खेलों में भारत ने एथलेटिक्स में छह स्वर्ण, 14 रजत और नौ कांस्य समेत 29 पदक जीते थे।