लखनऊ, उत्तर प्रदेश में सोमवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। शासन ने 34 IAS अधिकारियों का तबादला करते हुए 14 जिलों के जिलाधिकारियों (DM) को बदल दिया है। नई सूची में कानपुर नगर, मुरादाबाद, हरदोई, एटा, अमेठी, कुशीनगर, संतकबीरनगर, पीलीभीत, बलिया, बागपत, महोबा, बिजनौर, हाथरस और हमीरपुर शामिल हैं।
जारी तबादला सूची के मुताबिक हरदोई के डीएम अनुनय झा को मुरादाबाद का डीएम बनाया गया है, जबकि विशेष सचिव राज्य कर राहुल पांडेय को हरदोई की जिम्मेदारी दी गई है। आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एम. अरुन्मोली को एटा का जिलाधिकारी बनाया गया है। अमेठी के डीएम संजय चौहान को कुशीनगर भेजा गया है और कुशीनगर के डीएम महेंद्र सिंह तंवर को कानपुर नगर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनुज मलिक को संतकबीरनगर का डीएम बनाया गया है। संतकबीरनगर के डीएम आलोक कुमार को पीलीभीत और पीलीभीत के डीएम ज्ञानेन्द्र सिंह को बलिया की जिम्मेदारी मिली है। वहीं इन्वेस्ट यूपी और यूपीईडा में तैनात शशांक चौधरी को अमेठी का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
मुरादाबाद नगर निगम के नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल को बागपत का जिलाधिकारी बनाया गया है। नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति से जुड़े प्रभास कुमार को महोबा, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग में तैनात उमेश प्रताप सिंह को बिजनौर और नगर विकास विभाग के विशेष सचिव सत्य प्रकाश पटेल को हाथरस का डीएम नियुक्त किया गया है। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के विशेष सचिव अशोक कुमार को हमीरपुर का जिलाधिकारी बनाया गया है।
इस फेरबदल में कई मौजूदा जिलाधिकारियों को भी शासन और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों में नई जिम्मेदारी दी गई है। कानपुर नगर के डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद का निदेशक बनाया गया है। महोबा की डीएम गजल भारद्वाज को इन्वेस्ट यूपी में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, जबकि बिजनौर की डीएम जसजीत कौर को उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। हमीरपुर के डीएम अभिषेक गोयल को विशेष सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक की जिम्मेदारी मिली है।
वहीं बलिया के डीएम मंगला प्रसाद सिंह को उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ का प्रबंध निदेशक, एटा के डीएम अरविंद सिंह को विशेष सचिव खाद्य एवं रसद, मुरादाबाद के डीएम राजेंद्र पेसिया को विशेष सचिव कारागार प्रशासन एवं सुधार और हाथरस के डीएम अतुल वत्स को विशेष सचिव राजस्व बनाया गया है।
इस तरह एक साथ 34 IAS अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है, जिसमें 14 जिलों के प्रशासन की कमान नए अधिकारियों को सौंपी गई है। तबादला आदेश 21 सितंबर की देर रात जारी हुआ और इसकी जानकारी 22 सितंबर को सामने आई।