अयोध्या, कोतवाली नगर क्षेत्र के सिविल लाइंस स्थित प्रसिद्ध लक्ष्मी स्वीट हाउस में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते दुकान के अंदर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि दुकान संचालक रोहित माखेजा के पिता का कुछ समय पहले निधन हो गया था। इसके चलते दुकान बंद थी और आग लगने के समय दुकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था। अचानक दुकान से धुआं और तेज लपटें उठती देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
दुकान में आग लगने की जानकारी स्थानीय पत्रकारों के माध्यम से संचालक रोहित माखेजा को मिली। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया था। दुकान के अंदर रखा सामान बुरी तरह जल चुका था।
घटना के दौरान स्थानीय लोगों ने अग्निशमन अधिकारी एमपी सिंह को फोन कर आग की सूचना देने का प्रयास किया, लेकिन उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद लोगों ने तत्काल क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) शैलेश त्रिपाठी को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही सीओ सिटी शैलेश त्रिपाठी और अग्निशमन अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल तथा दमकल की गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सूचना देने के करीब 15 से 20 मिनट बाद दमकल टीम घटनास्थल पर पहुंची। उस समय तक आग पूरी दुकान में फैल चुकी थी।
दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि दुकान बंद होने के कारण घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
थाना को0 नगर पुलिस व फायर ब्रिगेड द्वारा आग बुझा ली गयी है, किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई, आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
— AYODHYA POLICE (@ayodhya_police) September 1, 2026